फर्रुखनगर थाने में कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
गुरुग्राम। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में 22 फरवरी की दोपहर को कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें लगने के कारण मौत हो गई। मृतक के भाई नीरज कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान झज्जर के याकुबपुर गांव निवासी गोविंद के रूप में हुई है।
गोविंद 22 फरवरी की दोपहर करीब दो बजे बाइक पर सवार होकर फर्रुखनगर से वापस गांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान महाबीर बिल्डिंग मटेरियल की दुकान के पास झज्जर की ओर से आ रही कार ने गोविंद की बाइक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने से गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए पास के फर्रुखनगर के सीएचसी अस्पताल में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई बलवंत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान करके जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो