बाइक चालक उपचाराधीन, कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र में रविवार को कार ने रेपिडो बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक व पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 8 जून की रात को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मृत महिला की सास सरोज की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मृतका की पहचान खुंटी (झारखंड) के सुंनगी गांव निवासी मुक्ति बोदरा के रूप में हुई है। छह माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। सास सरोज ने बताया कि 5 जून को उनकी बहू नौकरी की तलाश में गुरुग्राम आई थी। 7 जून को घाटा गांव से दिल्ली के हौज खास जाने के लिए उनकी बहू ने रेपिडो बाइक बुक की थी। बाइक जब खुशबू चौक से आगे पहाड़ी वाले मंदिर डीएलएफ फेज-1 के पास पहुंची तो एक कार ने टक्कर मार दी। बाइक गिरने से चालक व मुक्ति बोदरा गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक ने ही दोनों को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि रेपिडो बाइक चालक उमेश कुमार निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। डीएलएफ फेज-1 थाना के इंस्पेक्टर मनोज ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले की छानबीन की जा रही है।