जताया लोगों का आभार
इंस्टाग्राम स्टोरी में सिया ने लोगों के सपोर्ट के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद उन्होंने अपने आप को असुरक्षित महसूस किया लेकिन अपने सफर को जारी रखा। वीडियो में कार उनके मोटरसाइकिल से टकराती हुई दिखती है, जिसके बाद वे गिर गईं और बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कार ड्राइवर भाग निकला। सिया के एक दोस्त ने कार का पीछा किया और ट्रैफिक सिग्नल पर ड्राइवर को रोका। ड्राइवर ने घटना से इनकार कर दिया और वहां से निकल गया।
ये था पूरा मामला
गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को महिला बाइक राइडर सिया जब अपने साथियों के साथ बाइक राइड के लिए निकलीं, तो सफेद रंग की कार में सवार आरोपी उनका शुरू से ही पीछा कर रहे थे। सिया ने खतरा भांपते हुए उसे बार-बार अपनी कार साइड में चलाने को कहा लेकिन आरोपी लगातार पीछा करता रहा और बाइक रोकने के लिए कहने लगा।
भांप गई थी सिया, कार वाला मार सकता है टक्कर
सिया भांप चुकी थी आरोपी कहीं टक्कर न मार दे। इसके चलते उसने अपनी बाइक की स्पीड बढ़ा दी ताकि आरोपी की गाड़ी से वो आगे निकल सकें। बावजूद आरोपी सिया का पीछा करते रहे। पीछे से आ रहे सिया के राइडर दोस्त ये देखा तो बचाने के लिए उसने अपनी बाइक को सिया की बाइक के साइड में लाकर चलाना शुरू कर दिया, लेकिन वाहनों की मूवमेंट के चलते वो पीछे हो गया। ऐसे में कार सवार अपनी कार को फिर से कट मारते हुए सिया का पीछा करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने अचानक सिया की बाइक को साइड से टक्कर मारी और कार लेकर भाग गया।
50 मीटर तक घिसटती चली गई बाइक
सिया सड़क पर गिरीं और बाइक करीब 50 मीटर से अधिक तक घिसटती चली गई। पीछे आ रहे राइडर दोस्त ने आरोपी कार सवार का पीछा शुरू किया। इस दौरान आगे ट्रैफिक सिग्नल के चलते कार रुकी। बाइक राइडर भी वहां पहुंच गया। इस दौरान दोनों के बीच जमकर बहस हुई। सिया के दोस्त राइडर ने खिड़की खोलकर आरोपी को रोकना चाहा लेकिन आरोपी वहां से कार भगा ले गया। इसके बाद राइडर युवक फिर से सिया के पास पहुंचा और उसे व बाइक को संभाला।
सफर में महिला बाइक राइडर्स का रोमांच से नहीं मुसीबतों से होता है सामना
महिला बाइक राइडर्स को अपने सफर के दौरान रोमांच नहीं, कई मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। इसकी शरुआत घर से ही होती है। उन्हें अपने घर में ही अपना जुनून पूरा करने के लिए लड़ना पड़ता है। इस चुनौती को पूरा करने के बाद समाज के लोगों से सामना होता है। इन चुनौतियों के बारे में महिला राइडर्स ने खुद ही बताया।
गलत निगाहों से होता है सामना
कई महिला राइडर्स को हर रोज गलत टिप्पणियों के साथ आते-जाते लोगों की गलत निगाहों का सामना करना पड़ता है। रविवार को हुई घटना में कार चालक ने टक्कर मारने से पहले महिला राइडर से बात करते हुए उसे रुकने का इशारा किया। महिला राइडर ने उसे शांत रहने के लिए कहा। इसके बाद वह आराम से अपने सफर का आनंद ले रहीं थीं। थोड़ी ही देर बाद उनकी बाइक को कार चालक ने टक्कर मार दी। शहर के अंदर यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शहर में महिला बाइक राइडर को अश्लील इशारे झेलने पड़े थे। उसी वक्त महिला राइडर ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को पकड़ा और उसको धमकाया।
महिला बाइक चालकों का बयान
दुर्भाग्य से यह हमारे समाज का एक काला पहलू है। एक ऐसी सोच जो अभी भी यह स्वीकार नहीं कर पाती कि कोई महिला बस बाइक चला रही है, अपने काम से काम रख रही है और अपनी आजादी का आनंद ले रही है। अपने पति की वजह से ही मोटरसाइकिल चला पा रही हूं। ससुर ने हमेशा इसके लिए मुझे प्रोत्साहित किया। - पूजा बल्हारा खत्री, बाइक राइडर
पुलिस को इस मामले में सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए ताकि महिला राइडर भी खुल कर अपने सफर को तय कर सकें। वह भी तीन साल पहले इसी तरह घायल हो गई थी। इसके बावजूद अपने मोटरसाइकिल चलाने का जुनून नहीं छोड़ा। -अंकिता, बाइक राइडर
वाहन चलाने के लिए सुरक्षित नहीं साइबर सिटी की सड़कें
साइबर सिटी की सड़कों पर रोडरेज की बढ़ती घटनाएं और हिंसक झड़पें वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन चुकी हैं। गुरुग्राम की सड़कें अब भी वाहन चलाने के लिए सुरक्षित नहीं हैं। जिले में हो रहे रोड रेज के मामलों में चालक मारपीट से घायल हो रहे हैं। इनमें से कई की उपचार के दौरान मौत भी हो चुकी है। इसके अलावा वाहनों में तोड़-फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं हैं।
गुरुग्राम के हुए रोड रेज के मामले
- 27 जुलाई 2026 : उद्योग विहार में मामूली विवाद के दौरान कैब चालक ने ऑटो चालक अरविंद के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इलाज के दौरान अगले दिन घायल कैब चालक की मौत हो गई थी।
- 20 जून 2026 : साइड न देने के विवाद में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने कार का पीछा किया। राजीव चौक के पास लाठी-डंडों से कार की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और चालक को घायल कर दिया। दो आरोपी गिरफ्तार हुए।
- 13 जून 2026 : खेड़कीदौला टोल के पास सड़क पर बिना पार्किंग लाइट जलाए खड़ी कार से दूसरी कार टच होने से तीन युवकों ने चालक, उसके दोस्त व एक युवती के साथ मारपीट की थी।
- 06 जून 2026 : देर शाम करीब 8 बजे राजीव चौक फ्लाईओवर के पास पीछे से कार में टक्कर मारने के बाद कार सवार युवकों ने महिला चालक से गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी।
- 05 अप्रैल 2026 : धनवापुर गांव में हुई रोडरेज के दौरान दो स्कॉर्पियो सवार युवकों ने एक दूसरी गाड़ी को टक्कर मारने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
- 04 अप्रैल 2026 : बावल से लौट रहे कार सवार दंपती के साथ दूसरी कार में सवार युवकों ने मारपीट की थी। दंपती ने शराब पी रहे कार सवार युवकों को सही ढंग से कार चलाने के लिए कहा था। हमलावरों ने पीड़ित महिला के पति को फ्लाईओवर से नीचे फेंकने की कोशिश की।
- अगस्त 2025 : बख्तावर चौक सेक्टर-47 के पास साइड न देने पर हुए विवाद में कार चालक अतुल ने अपने दोस्तों के साथ कैब चालक विनोद के साथ मारपीट की थी। जिसमें उपचार के दौरान कैब चालक की मौत हो गई थी।
- अप्रैल 2025 : सेक्टर-37 थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो सवार युवकों ने बाइक सवार के साथ मारपीट की व करीब 11 लाख रुपये की बाइक भी तोड़ दी थी। आरोपियों ने पहले बाइक का पीछा किया और फिर स्कॉर्पियो को बाइकों के आगे अड़ा दिया। इसके बाद स्टील के बेसबैट से एक बाइक सवार को बेहरमी से पीटा था।
- जून 2024 : जेएमडी मेगापोलिस मॉल के पास मिनी बस के कार से मामूली सी टच हो गई थी। कार सवार चार युवकों ने मिनीबस के अंदर घुसकर चालक दीनूराम गौतम के साथ बेरहमी से पिटाई की। मारपीट में घायल चालक की ही मौत हो गई थी।
रोड रेज मामलों में शिकायत मिलते ही गुरुग्राम पुलिस द्वारा तुरंत आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। पुलिस इस तरह के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रही है। - सत्यपाल यादव, एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम