युवक ने गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश का लगाया आरोप
भाई से जमीन को लेकर चल रहा है अदालत में विवाद, जताया संदेह
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बस से उतरकर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्ति ने जानबूझकर कार चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। यह आरोप उसने अपने सगे भाई पर लगाया है। जिसने जमीन के विवाद पर अदालत में उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस के अनुसार डीएलएफ फेस एक निवासी महेंद्र सिंह यादव ने शिकायत में कहा कि वह चंडीगढ़ से बस से आया था। इफ्को चौक के पास बस से उतर कर सड़क पार करते समय जानबूझकर एक चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके पैर में फैक्चर हो गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। उसने सगे भाई पर हमले का आरोप लगाया है। उसका कहना था कि अदालत में भाई से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। एक अगस्त को ही अदालत में सुनवाई थी, इस दौरान भाई ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।