- बंधवाड़ी स्थित लैंडफिल साइट के पास देर रात हुआ हादसा, दो घायल
- फरीदाबाद की ओर से आ रही थी कार, डंपर लेकर चालक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर खड़े कूड़े से भरे डंपर में देर रात एक तेज रफ्तार कार टकरा गई। हादसे में कार सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। वहीं, कार सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर लेकर फरार हो गया। इस मामले में घायल रजत नाम युवक की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार-शनिवार रात करीब डेढ़ बजे एक तेज रफ्तार कार बंधवाड़ी के पास सड़क पर खड़े डंपर में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार के टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार में चार युवक सवार थे। चारों ही गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों की मदद से चारों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राहुल (30) और कुलदीप (26) निवासी एसजीएम नगर फरीदाबाद के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं। इनमें राहुल शादीशुदा था। हादसे में घायल रजत और सतेंद्र फरीदाबाद के ही एसी नगर के रहने वाले हैं।
फरीदाबाद एनआईटी-एक मार्केट में किड्स वियर शॉप चलाने वाले रजत ने पुलिस को बताया कि वह एसी नगर में रहते हैं। फरीदाबाद में ही एसजीएम नगर में रहने वाले ममेरे भाई राहुल और कुलदीप एनआईटी-4-5 चौक पर फास्ट फूड एंड टी-स्टॉल चलाते थे। रजत ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार रात करीब डेढ़ बजे राहुल ने उसे किसी काम से गुरुग्राम चलने की बात कही थी। इस पर वह अपने साथी सतेंद्र के साथ राहुल के पास पहुंचे। वहां राहुल की कार में सवार हो गए। कार राहुल चला रहा था। आगे की सीट पर राहुल का भाई कुलदीप बैठा था। पीछे रजत और सतेंद्र बैठे हुए थे। रजत ने बताया कि बंधवाड़ी कूड़े के पहाड़ के पास एक गाड़ी को जैसे ही राहुल ने ओवरटेक किया, वैसे ही उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक कूड़े के डंपर से जा टकराई।
अंधेरे में खड़ा था ट्रॉला, नहीं थी कोई लाइट
अस्पताल में भर्ती रजत ने पुलिस को बताया कि डंपर अंधेरे में खड़ा था। डंपर चालक ने उस पर कोई लाइट भी नहीं लगा रखी थी। ऐसे में उन्हें डंपर नजर ही नहीं आया। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि कुछ सोचने-समझने का मौका ही नहीं मिला। उसे बस इतना याद है कि अचानक एक तेज धमाका हुआ और वह बेहोश हो गया। लोगों ने कैसे उन्हें कार से निकाला और कैसे अस्पताल पहुंचाया कुछ पता नहीं है।
वर्जन
जिस वाहन की वजह से हादसा हुआ है पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घायल के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। - विकास कौशिक, एसीपी डीएलएफ, गुरुग्राम।