आरडब्ल्यूए के पूर्व अध्यक्ष ने की सफाई ठेकेदार से भरपाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर पांच में सोमवार की दोपहर जमा किए गए सूखे पत्तों और बागवानी कचरे में आग लग गई। आग की चपेट में पास में खड़ी हुई कार आ गई। सूखे पत्तों के साथ कार के जलने से धुआं दूर-दूर तक देखा जा रहा था। इलाके के आरडब्ल्यूए के पूर्व अध्यक्ष दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी को बुलाकर आग बुझाई जा सकी है। इसके पहले सेक्टर पांच थाने में सूचना दी गई। आग सेक्टर में स्थित सीजीएचएस डिस्पेंसरी के पास लगी थी। सेक्टर की डिस्पेंसरी में सेक्टर 109 स्थित चिंटेल्स पैराडाइसो निवासी जवाहर अपने बच्चे के इलाज के लिए आए थे और अपनी कार डिस्पेंसरी के बाहर खड़ी कर दी थी। आग की चपेट में उनकी कार आ गई। लोगों ने बताया कि नगर निगम हॉर्टिकल्चर वेस्ट नहीं उठा रहा है। गर्मी का मौसम है, छोटी सी चिंगारी से भी इसमें आग लग सकती है। आग के कारण का पता नहीं चल पाया है। सेक्टर तीन, पांच और छह में 33 सफाई कर्मी हैं मगर सफाई नहीं हो पा रही है। दिनेश वशिष्ठ ने मांग की है कि नुकसान की भरपाई सफाई ठेकेदार से की जाए।