पटौदी। एक मकान पर लैंटर डाल कर मशीन को लेकर लौट रहे चार मजदूरों को पीछे से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे के वक्त मजदूर लैंटर गाड़ी का टायर बदल रहे थे। गंभीर रूप से घायल हुए ठेकेदार सहित चार मजदूरों में से एक ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। जिन्हें गुरुग्राम रेफर किया गया है। एक मजदूर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
यूपी के ललितपुर के मूल निवासी सैफ अली ने पटौदी थाने में मामला दर्ज कराते हुए बताया है कि वह शहर में किराए पर रहकर मकानों पर लैंटर डालने के काम की मजदूरी करता है। विगत शुक्रवार को शहर में एक मकान पर लैंटर डालने के बाद गाड़ी व अन्य सामान के साथ लौट रहे थे कि एक टायर उतर गया। गाड़ी को किनारे लगाकर टायर को ठीक कर रहे ठेकेदार रशीद व मजदूर गुलशन, अमन, यामीन को कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ठेकेदार सहित चारों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को अस्पताल ले जाते वक्त मजदूर यामीन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं ठेकेदार रशीद, गुलशन व अमन को पटौदी के सिविल अस्पताल से गुरुग्राम के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि कार चालक की तलाश की जा रही है।