पहली पाली में 1,208 और दूसरी पाली में 1,235 अभ्यर्थी नहीं पहुंचे परीक्षा देने
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ-एसी) परीक्षा रविवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत अभ्यर्थियों की तुलना में उपस्थिति काफी कम रही। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 3,782 अभ्यर्थियों में से 1,339 ने परीक्षा दी, जबकि 3,574 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित जनरल एबिलिटी एंड इंटेलिजेंस पेपर के लिए 1,891 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 683 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,208 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित जनरल स्टडीज, निबंध एवं कॉम्प्रिहेंशन पेपर के लिए भी 1,891 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 656 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,235 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले में परीक्षा के लिए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैकबपुरा, राजकीय मॉडल संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अर्जुन नगर, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-4/7, देव समाज विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, न्यू कॉलोनी तथा द्रोणा पब्लिक स्कूल, रवि नगर सहित पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।