अगले टायर में फंसकर काफी दूर तक घसीटता गया पीड़ित
गुरुगाम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर एक कैंटर ने पैदल चल रहे युवक फरमान (24) को टक्कर मार दी। हादसे में फरमान की जांघ की हड्डी टूट गई। उसका उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। फरमान मेरठ के महरमती गणेशपुर गांव का निवासी है। वह बिनौला क्षेत्र की एक कंपनी में वेल्डिंग का काम करता है।
29 जुलाई की दोपहर को वह खाना खाने के लिए पैदल जा रहा था। तभी दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर यह दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद फरमान कैंटर के अगले टायर में फंसकर काफी दूर तक घसीटता गया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं और बाएं पैर की जांघ की हड्डी टूट गई। घायल फरमान की शिकायत पर बिलासपुर थाने में कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले कैंटर को जब्त कर थाने में खड़ा किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि जल्द ही कैंटर चालक को जांच में शामिल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।