मरीजों को झज्जर के चक्कर से मिलेगी राहत, बजट 2025 में हुई थी घोषणा
4 फरवरी को लोगों को मिल सकता है डे केयर सेंटर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल के कैंसर रोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब नौ साल बाद यहां कैंसर डे केयर सेंटर की शुरुआत होने जा रही है। सोमवार को नागरिक अस्पताल में एम्स बाढ़सा के ऑन्कोलॉजी विभाग के डाॅ. जित्तेंद्र और डाॅ. आकाश की टीम ने वार्ड का निरीक्षण किया। यह कैंसर टीम का दूसरा दौरा था, पहले दौरे में जो भी खामियां सामने आई थीं उनको दूर कर दिया गया है।
अस्पताल के पहले तल पर छह बेड का डे केयर कैंसर सेंटर मरीजों के लिए बनाया गया है। डे केयर सेंटर शुरू होने के बाद बार बार कैंसर में आगे के इलाज के लिए झज्जर नहीं जाना होगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत डे केयर कैंसर सेंटर पर आवश्यकता अनुसार अधिकतम 1.49 करोड़ रुपये तक खर्च किए गए हैं। बता दें कि नागरिक अस्पताल के डे केयर सेंटर में केवल एम्स झज्जर से रेफर मरीजों को ही सुविधा मिलेगी। कैंसर मरीजों की पहली कीमोथैरेपी एम्स झज्जर में, आगे का उपचार डे केयर सेंटर में होगा।
तैयार हुआ ड्रग प्रिपरेशन रूम
अस्पताल प्रशासन की मानें तो चार फरवरी को कैंसर डे केयर सेंटर लोगों के लिए खुलने की संभावना है। कैंसर मरीजों के इलाज के लिए ड्रग प्रिपरेशन रूम भी तैयार कर लिया गया है। सभी बेड के साथ आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं। इस सेंटर में सिर्फ दिन में ही इलाज किया जाएगा।
बजट 2025 में हुई थी घोषणा
वर्ष 2025 के केंद्रीय बजट में कैंसर डे केयर सेंटर घोषणा की गई थी। पूरे देश में 200 से अधिक डे केयर सेंटर खोले जा रहे हैं, जिससे कैंसर मरीज को दूर दराज इलाज के लिए नहीं जाना पडेगा। अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल में इस सुविधा लाभ उठा सकेंगे।
दवाइयों की निशुल्क व्यवस्था
कैंसर का इलाज कराने वाले मरीजों को नागरिक अस्पताल से निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए राज्य स्तर पर बजट स्वीकृत कर दिया गया है। दवा और इलाज मुफ्त मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और बेहतर उपचार संभव हो सकेगा।
-
नागरिक अस्पताल में कैंसर डे केयर सेंटर पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। यहां मरीजों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एम्स की टीम ने निरीक्षण कर लिया है रिपोर्ट मिलती ही शुरुआत कर दी जाएगी। -
डाॅ. लोकवीर, सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग, गुरुग्राम