गुरुग्राम। शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में आभूषण सफाई करने आए दो लोग महिला से सोने के कंगन लेकर फरार हो गए। आरोपी महिला को गर्म पानी लेने भेजा। उसके बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार यह शिकायत दुनीचंद ने दी है । पीड़ित ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे वह पत्नी कांता के साथ घर के बाहर खड़े थे। उसी समय एक व्यक्ति आया और बोला कि तांबा, पीतल, चांदी के सामान की सफाई करता हूं। वह अंदर आकर दूसरे कमरे में बैठ गए। सफाई करने वाला दूसरे कमरे में था। इसी बीच सफाई करने वाले का एक अन्य साथी भी आ गया। आरोपियों ने पहले उनकी पत्नी कांता के हाथों से सोने के कंगन उतरवाकर पाउडर लगाया, फिर उन्हें गर्म पानी लेने भेज दिया। जब तक वह भीतर से पानी लेकर आईं तो दोनों सोने के कंगन लेकर फरार हो चुके थे। शिकायत पर शिवाजी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।