गुरुग्राम । स्वास्थ्य अधिकारी को सोशल मीडिया पर पुराना फर्नीचर बेचने का विज्ञापन देना महंगा पड़ा। ठग ने विज्ञापन देख कर 13 हजार रुपये में सौदा तय किया। आधा पैसा भुगतान करने के नाम पर भेजे स्कैनर से उसने 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी यतिन गुप्ता ने बताया कि पुराना फर्नीचर 13 हजार रुपये में बेचने के लिए पिछले साल मई में विज्ञापन दिया था । जिसके बाद पिछले साल 24 मई को एक फोन आया और उससे 13 हजार रुपये में फर्नीचर बेचने की बात तय हुई । पीड़ित अधिकारी ने बताया कि उसके बाद आधी राशि पहले देने की बात हुई । जिस पर आरोपी ने पेटीएम स्केन कोड दिया। उन्होंने जैसे ही स्कैन किया तो पैसे आने के बजाए खाते से ही 6,500 रुपये कट गए । पीड़ित ने बताया कि जब आरोपी को यह बात बताई तो उसने कहा, दूसरा स्कैन कोड भेजता हूं। इसको स्कैन करने से पैसे आ जाएंगे । पीड़ित ने बताया कि कभी वह पैसे भेजता तो कभी मेरे अकाउंट से पैसे निकाल लेता था । मुझे उलझा कर उसने मेरे खाते से करीब 90 हजार रुपये निकाल लिए। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।