तीन गांवों में सरपंच और छह गांवों में पंच पद पर होगा उपचुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना खंड में पंच व सरपंच पद के होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। खंड में तीन पंचायतों में सरपंचों का उपचुनाव होगा। जिसके लिए नामांकन के अंतिम दिन कुल 18 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल कर दिए हैं।
वहीं पंच पदों के लिए किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है जबकि खंड में 6 पंचों का उपचुनाव भी होगा। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन खंड की तीन पंचायतों के सरपंच पद उपचुनाव के लिए कुल 18 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जिनमें रानी का सिंघोला, नुनेरा व बाइखेड़ा पंचायत शामिल हैं, जबकि खंड की 6 पंचायतों में रिक्त पंच पदों के लिए किसी भी उम्मीदवार ने अपने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए हैं। जिनमें बादशाहपुर टेंथड, खूंटपुरी, रिठौज, महेंडवाड़ा, बिलाका, रानीका सिंघोला शामिल हैं। उक्त चुनाव 15 जून को होगा।
खंड की ग्राम पंचायत रानीका सिंघोला में सरपंच पद उपचुनाव के लिए कुल 6 उम्मीदवारों क्रमशः संगीता, तनिषा, प्रीति रानी, काजल, सोनिया, रीना ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। उक्त पंचायत सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, जिसमें कुल 452 वोट हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत बाइखेड़ा सरपंच पद उपचुनाव के लिए कुल 7 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। जिनमें बीर सिंह, हरीश कुमार, हरिओम, सोनू अवाना, पंकज, कृष्ण कुमार, भूपेंद्र सिंह शामिल हैं। उक्त सीट सामान्य पुरुष के लिए आरक्षित है। जिसमें कुल 797 वोट हैं। वहीं, नुनेरा ग्राम पंचायत सरपंच उपचुनाव के लिए कुल 5 उम्मीदवारों क्रमशः असमीना, अफसाना, शबनम, नीतू रानी, हमीशा ने नामांकन दाखिल किए हैं। उक्त सीट सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। जिसमें कुल 1570 वोट हैं। वहीं खंड में 6 पंच उपचुनाव के लिए किसी भी उम्मीदवार ने अपने पर्चे दाखिल नहीं किए हैं।
वर्जन
खंड पंचायत अधिकारी गिरिराज शर्मा ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन तक खंड की तीन ग्राम पंचायतों के सरपंच पद उपचुनाव के लिए कुल 18 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जबकि 6 पंच पदों के उपचुनाव के लिए किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया जाएगा।