गुरुग्राम। सेक्टर-37 सी स्थित आशियारा अफॉर्डेबल हाउसिंग सोसाइटी के खरीदारों ने फ्लैटों की मांग को लेकर रविवार को प्रदर्शन किया। बैनर पोस्टर लिए प्रोजेक्ट साइट पर पहुंचकर लोगों ने बिल्डर, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और उन सरकारी महकमों के खिलाफ नारे लगाए, जिनकी वजह से उन्हें फ्लैट नहीं मिल रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में काफी संख्या में लोग शामिल थे। खरीदारों की शर्तों के अनुसार फ्लैट खरीदारों को जनवरी 2023 में ही उनके घर मिल जाने चाहिए थे। अभी तक यह प्रोजेक्ट अधूरा है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि रेरा, डीटीसीपी, जिला उपायुक्त, विधायक और मंत्री सभी के समक्ष गुहार लगा चुके हैं। प्रोजेक्ट में 33 केवीए सबस्टेशन, एसटीपी आदि कार्य पूरे नहीं हुए हैं। इस प्रोजेक्ट के 992 फ्लैट हैं, जिसके मिलने का इंतजार खरीदार कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर वे लगातार प्रदर्शन करते रहे हैं, अधिकारियों से मिलते रहे मगर समस्या हल नहीं हो पा रहा है। संवाद