गुरुग्राम में तय स्टॉपेज पर नहीं रोकते गुरुगमन बस चालक
- फोटो : Gurgaon
तय स्टॉपेज पर बस नहीं रोकते गुरुगमन चालक
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर शहरी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के अधिकारी एक तरफ जहां यात्रियों को गुरुगमन बस का प्रयोग करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, वहीं चालक अधिकारियों के प्रयास को पलीता लगा रहे हैं। जीएमसीबीएल द्वारा निर्धारित स्टॉप पर चालक बस नहीं रोक रहे हैं। मजबूरन यात्रियों को ऑटो का सहारा लेना पड़ रहा है। इस बाबत यात्रियों ने सोशल मीडिया पर शिकायत दी है।
जीएमसीबीएल के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें कुछ रूट पर चालकों की शिकायत मिल रही थी कि चालक बस को स्टॉपेज पर नहीं रोकते हैं। स्टॉपेज पर खड़ी सवारी यदि बस को हाथ देकर रुकवाते भी हैं तो चालक बस को स्टॉप से काफी आगे रोकता है। जब तक यात्री बस पर चढ़ने के लिए पहुंचता है तब तक बस चली जाती है। ऐसे में न तो बस रोकने का फायदा होता है और न ही यात्रियों को इसका लाभ मिल पा रहना है। मजबूरन यात्रियों को ऑटो का सहारा लेकर अपने गंतव्य की तरफ जाना पड़ता है। जीएमसीबीएल की प्रवक्ता वनीता ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। कुछ यात्रियों ने रूट के साथ बस का समय भी दिया है। उस दौरान ड्यूटी पर तैनात चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही चालकों व परिचालकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वह बस को नियमानुसार ही चलाएं। स्टॉप पर बस रोककर यात्रियों को बैठाएं व उतारें साथ ही साथ यातायात नियमों का भी पालन करें।