30 अगस्त तक अधिकारियों को देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने अपने सेक्टर्स में अवैध कब्जों और अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ बड़े अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। एचएसवीपी की प्रशासक वैशाली सिंह ने सेक्टर्स से अतिक्रमण हटाने के लिए विभाग के एसडीओ और जेई की सात टीमें गठित की हैं। पूरे क्षेत्र को सात जोन में बांटकर प्रत्येक टीम को अलग-अलग क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सभी सात टीमों की निगरानी उनकी संबंधित संपदा अधिकारी करेंगे। अधिकारियों के अनुसार यह अभियान सुप्रीम कोर्ट के विशेष निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। गठित टीमें सोमवार से अपने-अपने क्षेत्र की प्लानिंग और कार्रवाई की तैयारी शुरू करेंगी। सभी टीमों को 30 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी कार्रवाई में कोताही बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध गेस्ट हाउस और व्यावसायिक गतिविधियों पर भी कार्रवाई
एचएसवीपी के सेक्टर्स में चल रहे अवैध गेस्ट हाउस और अन्य अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों को भी अभियान के दायरे में रखा गया है। विभाग की ओर से ऐसे प्लॉटों को रिज्यूम करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए भी सख्ती बरती जाएगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क के ऊपर किए गए अवैध कब्जों को स्वयं हटा लें। ऐसा नहीं करने पर एचएसवीपी की ओर से कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी और कार्रवाई में आने वाला खर्च संबंधित व्यक्ति से ही वसूला जाएगा।
अवैध कब्जे की सूचना देने के लिए विशेष डेस्क
एचएसवीपी की संपदा अधिकारी-II डॉ. अनुपमा मलिक ने अपने कार्यालय में एक विशेष डेस्क भी स्थापित कराई है। इसके माध्यम से गुरुग्रामवासी एचएसवीपी की जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या अनधिकृत गतिविधि की जानकारी विभाग को दे सकते हैं। डॉ. अनुपमा मलिक ने अपनी दायरे में आने वाले क्षेत्रों की सभी टीमों को भी अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।