गांव मुबारिकपुर, खेड़ा झांझरोला, सुल्तानपुर और फर्रुखनगर के राजस्व क्षेत्र में की गई कार्रवाई
33.5 एकड़ कराया गया खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर, खेड़ा झांझरोला, सुल्तानपुर और फर्रुखनगर के राजस्व क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान करीब 35.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों में निर्माण और बुनियादी ढांचे को ध्वस्त किया गया।
गांव मुबारिकपुर के राजस्व क्षेत्र में केएमपी के पास वरदान ग्रुप और 3एस डेवलपर्स के नाम से प्रचारित करीब 3.5 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में कार्रवाई की गई। यहां करीब 300 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क, 100 मीटर लंबी तैयार बाउंड्री वॉल और कंटेनर से बने कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया।
इसी तरह गांव खेड़ा झांझरोला के राजस्व क्षेत्र में करीब 15 एकड़ में विकसित की जा रही केपीएस फॉर्म्स नामक अवैध फार्महाउस कॉलोनी में भी तोड़फोड़ की गई। यहां दो फार्महाउस और मिट्टी से तैयार किया गया पूरा सड़क नेटवर्क ध्वस्त कर दिया गया। गांव सुल्तानपुर के राजस्व क्षेत्र में करीब दो एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में कबड्डी की दुकान को तोड़ा गया। वहीं, फर्रुखनगर के चांद नगर रोड स्थित राजस्व क्षेत्र में करीब 15 एकड़ में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई करते हुए पूरे कच्चे सड़क नेटवर्क और एक कंटेनर कार्यालय को ध्वस्त किया गया। विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।