पटौदी। वार्ड-16 के भैंस व्यापारी नपीस और भांजे अरबाज के साथ मारपीट की घटना सामने आई। यह विवाद दिल्ली में दर्ज एक आपराधिक मामला वापस न लेने की वजह से हुआ। पीड़ित नपीस ने पटौदी थाने में दी एफआईआर में लिखवाया है कि आठ जनवरी को लगभग डेढ़ बजे के आसपास एक पंचायत हुई थी और पंचायत में नपीस पर दूसरे पक्ष के द्वारा दिल्ली में दर्ज एक आपराधिक मामले को वापस लेने का दबाव बनाया गया, जिसे पीड़ित ने मना कर दिया। पंचायत में मौजूद सलीम उर्फ लीलू व हाजी कारी ने उसे जान से मारने के लिए उकसाया और नदीम ने रॉड से नपीस की नाक पर हमला कर दिया और वसीम ने उसके सिर पर डंडा मारा, जिससे कि नपीस बेहोश हो गया। वहीं, उसके भांजे अरबाज को भी पीटकर घायल कर दिया। दोनों को घायल अवस्था में पटौदी के उपमंडल नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। नपीस को बाद में पटौदी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पटौदी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। संवाद