पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चार लोगों के खिलाफ बिलासपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज
आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना के भोड़ाकलां गांव में 3 जुलाई को युवक की मौत के मामले में सगे साले व उसके साथियों पर ही हत्या के आरोप लगे हैं। 7 जुलाई को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एक नामजद राजू सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में गिरफ्तारी के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मृतक युवक के भाई सुंदर लाल ने हत्या के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
मृतक की पहचान भोड़ाकलां गांव निवासी विक्रम के रूप में हुई है। मृतक युवक के भाई सुंदर लाल ने पुलिस को बताया कि उसके भाई का साला राजू निवासी वार्ड-11 व उसके तीन दोस्त घर पर आए थे और 2 जुलाई की रात करीब 10.30 बजे उसके भाई को साथ लेकर गए थे। अगले दिन 3 जुलाई की सुबह करीब 9.30 बजे राजू के पिता डिगराम का शिकायतकर्ता के मोबाइल पर कॉल आया कि विक्रम की तबीयत खराब है। इसके बाद करीब 10.30 बजे दोबारा कॉल आया कि नूंह के नल्हड़ मेेडिकल कॉलेज में विक्रम की मौत हो गई है।
मृतक युवक के भाई सुंदर लाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रात को उसका भाई विक्रम घर से ठीक हालत में गया था, ऐसे में कैसे मर गया। पोस्टमार्टम कराने पर मृत युवक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा जांच के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह शरीर पर लगी चोटें पाई गई। ऐसे में पुलिस ने युवक मौत मामले में हत्या संबंधी धाराओं के तहत 7 जुलाई को बिलासपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है।
विक्रम के साले राजू को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही मौत के कारण व मामले में संलिप्त लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। मुख्य आरोपी से पूछताछ में जानकारी लेकर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- सुनील कुमार, प्रभारी, बिलासपुर थाना