न्यू गुरुग्राम। नगर निगम की ओर से धनवापुर में कराई जा रही सीवर लाइन की खोदाई के दौरान तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। यह इलाके की मुख्य पेयजल लाइन थी जिसकी मरम्मत बृहस्पतिवार देर रात करीब 12 बजे तक पूरी कर ली गई। इसके बाद इलाके में जलापूर्ति भी सामान्य कर दी गई। वार्ड के पार्षद दिनेश दहिया ने बताया कि पाइप लाइन टूटने के बाद नगर निगम की टीम ने देर रात तक मरम्मत की, जिससे लोगों को राहत मिली।
बता दें कि सीवर लाइन की खुदाई के दौरान जेसीबी से मुख्य पेयजल की पाइप लाइन टूट गई थी। इससे तेज दबाव के साथ पानी सड़क पर बहने लगा था और इलाके की कई गलियों में जलभराव हो गया था। काफी पेयजल भी बर्बाद हुआ, जिससे धनवापुर और राजेंद्र पार्क क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित हुई।
स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, देर रात तक मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति बहाल कर दी गई। वार्ड पार्षद ने बताया कि अब स्थिति सामान्य है और लोगों को पानी की आपूर्ति पहले की तरह मिल रही है। संवाद