दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भांगरौला गांव के बस स्टैंड स्थित मनी ट्रांसफर व कम्युनिकेशन की दुकान से 4 जुलाई की देर रात एक बदमाश ने शटर तोड़कर करीब 1.80 लाख रुपये चुरा लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
भांगरौला गांव निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे गांव के बस स्टैंड पर विजय कम्युनिकेशन एंड मनी ट्रांसफर के नाम से दुकान चलाते हैं। 4 जुलाई की देर रात करीब 2:20 बजे अज्ञात युवक ने उनकी दुकान का ताला व शटर तोड़ दिया। इसके बाद दुकान में रखे करीब 1.80 लाख रुपये नकदी चोरी कर ले गया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर दुकान से नकदी चोरी करने वाले को गिरफ्तार करने व रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर रुपये चोरी करने वाले आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। - महिपाल, जांच अधिकारी, खेड़कीदौला थाना।