गुरुग्राम। बिलासपुर खुर्द गांव में 23 जून को बदमाश ने कमरे का ताला तोड़कर गहने चोरी कर लिए। वारदात के समय पीड़ित अपनी ड्यूटी पर कंपनी में गया था। बिलासपुर खुर्द गांव में किराये के कमरे में रहने वाले हरिशंकर शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 23 जून की सुबह करीब 8:30 बजे वे कमरे का ताला बंद कर कंपनी में गए थे। करीब 10 बजे उनके पड़ोसी ने कॉल कर बताया कि कमरे का ताला टूटा हुआ है व सामान बिखरा पड़ा है। जब उन्होंने कमरे में सामान की जांच की तो कमरे से दो पायल, तीन नोजपिन, एक अंगूठी, एक मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट सहित अन्य गहने चोरी मिले। कमरे से गहने चोरी होने की सूचना मिलने पर बिलासपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल व फिंगर प्रिंट की टीम से निरीक्षण करवाकर साक्ष्य एकत्रित किए। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर घनश्याम कर रहे हैं।पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि कमरे से गहने चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोरी करने वाले का चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा।