गुरुग्राम। किसान आंदोलन के गुरुग्राम पड़ाव को लेकर पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस आयुक्त कार्यालय में बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। इसमें ट्रैफिक रूट डायवर्जन करने के साथ ही डीसीपी व एसीपी स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयास रहेगा कि आंदोलन के दौरान शहरवासियों को परेशानी न हो।
पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) आस्था मोदी ने बताया कि शहर के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। किसान आंदोलन के कारण जाम लगने की स्थिति में प्लान को लागू करते हुए वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा। जिले में पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल मौजूद है, जिनकी ड्यूटी लगाई जा रही है। डीसीपी व एसीपी स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाते हुए उनकी जिम्मेदारी तय की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शहर में किसानों ने शनिवार से आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस आंदोलन का असर सरहौल बॉर्डर के साथ ही पचगांव चौक व खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर होने के आसार हैं। इन स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इसके अलावा शहर के अंदरूनी हिस्सों में कुछ लोगों द्वारा आंदोलन किए जाने की आशंका है। इसे देखते हुए एक्सप्रेसवे पर प्रमुख चौराहे राजीव चौक, हीरो होंडा चौक व झाड़सा चौक पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही कापसहेड़ा बॉर्डर व एमजी रोड बॉर्डर पर भी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान कापड़ीवास, झज्जर, नूंह सीमा पर पुलिस की सख्ती कर दी जाएगी। प्रयास रहेगा कि दूसरे जिलों व राज्यों के किसानों को जिले में प्रवेश करने से रोका जाए। जिले में शांति बनाए रखने के लिए कदम उठाए जाएंगे। जिले में आंदोलन करने वाले किसानों को रास्ता बाधित करने से रोका जाएगा। प्रयास किए जाएंगे कि इस आंदोलन का असर आम जन पर न पड़े।