जी-20 समूह संग मेटावर्स युग में साइबर सुरक्षा पर होगा मंथन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन, प्रदर्शनी और सम्मेलन पदक का होगा विमोचन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एनएफटी, एआई और मेटावर्स के युग में अपराध और सुरक्षा पहलुओं पर आयोजित जी-20 सम्मेलन सत्र का बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उद्घाटन करेंगे। गृह मंत्री देश के सात प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों से साइबर वालंटियर स्क्वाड को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा पर आयोजित प्रदर्शनी और सम्मेलन पदक का विमोचन करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन एनएच-48 स्थित हयात रीजेंसी में होगा।
हरियाणा को ओर से आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में पहले दिन मेहमानों के लिए देसी ताने-बाने के साथ देसी अंदाज में रात्रि भोज होगा। बुधवार को पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल ने मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव, पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन, डीसीपी ट्रैफिक बीरेंद्र विज, डीसीपी मानेसर मनबीर सिंह भी मौजूद रहे।
दो दिवसीय सम्मेलन में 20 देशों, नौ विशेष आमंत्रित देश, अंतरराष्ट्रीय संस्था, प्रौद्योगिकी क्षेत्र में विशेषज्ञ, देश व दुनिया के डोमेन विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस सम्मेलन में लगभग 900 लोग जिले की मेजबानी में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। सम्मेलन में हरियाणा सरकार की ओर से साइबर सिक्योरिटी कार्यक्रम और उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह उपलब्धियां फिल्म व ब्रोशर के माध्यम से प्रदर्शित होंगी। प्रदर्शनी में पंचकूला में साइबर फोरेंसिक लैब की स्थापना, साइबर हेल्प लाइन 1930, 318 साइबर हेल्प डेस्क, 29 साइबर पुलिस स्टेशन जैसे पहलुओं का जिक्र होगा। दो समापन सत्र पर शुक्रवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव संबोधित करेंगे।
यह विशेषज्ञ होंगे शामिल
कानूनी क्षेत्र, शिक्षा जगत, प्रशिक्षण संस्थान, वित्तीय संस्थान, फिनटेक, सोशल मीडिया संस्था, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी, साइबर फॉरेंसिक, नियामकों, स्टार्टअप, ओवर द टॉप (ओटीटी) सेवा प्रदाताओं, ई-कॉमर्स कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले विश्वस्तरीय साइबर विशेषज्ञ और अतिथि वक्ता इसमें शामिल होंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रालय, संगठन और एजेंसियों के प्रतिनिधि और सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिव, प्रशासक और पुलिस महानिदेशक भी भाग लेंगे।
छह तकनीकी सत्र होंगे
दो दिवसीय जी 20 सम्मेलन प्लेनरी सत्र के साथ शुरू होगा।
पहला सत्र - इंटरनेट गवर्नेंस-नेशनल रिस्पांसबिलिटी एंड ग्लोबल कॉमन
दूसरा सत्र - डिजिटलीकरण के बीच डीपीआई को सुरक्षित बनाने के लिए डिजाइन, वास्तुकला, नीतियां और तैयारी
तीसरा सत्र - विस्तारित वास्तविकता, मेटावर्स और डिजिटल स्वामित्व का भविष्य
चौथा सत्र - एआई की चुनौतियां, अवसर और जिम्मेदार उपयोग
पांचवा सत्र - नेक्टिंग द डॉटस क्रिप्टो करेंसी और डार्कनेट की चुनौतियां
छठा सत्र - आईसीटी का आपराधिक उपयोग व अंतरराष्ट्रीय सहयोग की रूपरेखा