बादशाहपुर। सेक्टर-40 में सड़क किनारे बने ग्रीन एरिया को सुरक्षित और सुंदर बनाने के उद्देश्य से कार्य जारी है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों द्वारा इस हरित क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। लंबे समय से इस हरित बेल्ट को सुरक्षित करने और यहां लगे पेड़-पौधों को बचाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। चहारदीवारी न होने के कारण पशु आसानी से ग्रीन एरिया में प्रवेश कर जाते थे, जिससे नए रोपे गए पौधों और सुंदर झाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचता था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आवारा पशुओं की आवाजाही पर पूरी तरह से अंकुश लग जाएगा। पर्यावरण प्रेमियों का मानना है कि बाउंड्री वॉल बनने से केवल हरियाली की सुरक्षा ही नहीं होगी, बल्कि पौधों का सही ढंग से संरक्षण भी हो सकेगा। सुरक्षित माहौल मिलने से नए पौधे तेजी से पनप सकेंगे। संवाद