आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस, 26 अप्रैल को संदूक से बरामद हुआ था शव
अमर उजाला ब्यूरो
गुुरुग्राम। सेक्टर-53 थाना क्षेत्र में बनी झुग्गियों में अमन की हत्या करने वाले दोनों आरोपी सोनू व मोहम्मद मिराज को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को एक दिन रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान आरोपियों से अमन की हत्या के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। हत्या के मामले में अभी तक सुनीता की संलिप्ता सामने नहीं आई है। अभी तक आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि यह हत्या अवैध संबंधों के कारण हुई है। अमन (मृतक) के साथ सहमति संबंध में रहने वाली सुनीता के साथ आरोपी सोनू कुमार के संबंध स्थापित हो गए थे। जिसके बारे में उसे पता चल गया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि 25 अप्रैल की सुबह करीब 6.30 बजे गला दबाकर अमन की हत्या की थी। इसके बाद शव को लोहे के संदूक में छुपा दिया था। जब अमन के साथ सहमति संबंध में रहने वाली सुनीता ने पूछा तो उसको गांजा लेने के लिए बाहर जाने की बात बताई गई। 26 अप्रैल की दोपहर संदूक से बदबू आने के बाद हत्या का खुलासा हो सका। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हत्या के बाद शव को संदूक में छुपाने के बाद आरोपियों ने उसे ठिकाने लगाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया था। उन्हे यह पता नहीं थी कि एक दिन बाद ही शव से बदबू आने लगेगी और हत्या का खुलासा होगा।
वर्जन
रिमांड के दौरान आरोपियों से हत्या के बारे में पूछताछ की जा रही है। मामले में किसी अन्य की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
-अजय, पीएसआई व जांच अधिकारी, सेक्टर-53 थाना