- पेड़ व खंभों से टकराकर पलटी गाड़ी, सेक्टर-50 थाने में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में 3 मार्च की रात को तेज रफ्तार बोलेरो ने युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हाे गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी सहराब अली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से बोलेरो को जब्त कर लिया है। मृतक युवक के जीजा की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ सेक्टर-50 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मृतक सेक्टर-47 स्थित कंट्री डिलाइट में काम करता था व वजीराबाद में किराये पर रहता था। उसके जीजा सुलेमान ने बताया कि सहराब 3 मार्च की रात करीब 3 बजे ड्यूटी के लिए सेक्टर-47 जा रहा था। सेक्टर-51 के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने सहराब अली को टक्कर मार दी। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह आसपास के पेड़ व खंभों से टकराकर पलट गई। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक को टक्कर मारने वाले चालक की पहचान पलवल के उटावड़ निवासी हन्नान के रूप में हुई है।
जांच अधिकारी एसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। चालक हन्नान को गिरफ्तार कर जांच में शामिल करके जमानत पर छोड़ दिया गया है।