पलवल। किसानों को निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध करवाने और कालाबाजारी रोकने के लिए पलवल, होडल और हथीन में उपमंडल स्तर पर उर्वरक निगरानी समितियां गठित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के निर्देशानुसार ये समितियां खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर नजर रखेंगी। संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में गठित होने वाली समितियों में उपमंडल कृषि अधिकारी, गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक और खंड कृषि अधिकारी शामिल होंगे। समितियां खाद विक्रेताओं और वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रिकॉर्ड और बिलों की जांच करेंगी। किसानों को खाद के साथ कीटनाशक, बीज या अन्य कृषि उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य करने पर भी निगरानी रखी जाएगी। कालाबाजारी, जमाखोरी, निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलने और खाद के अवैध डायवर्जन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। समितियां किसानों की शिकायतों पर कार्रवाई करने के साथ खाद की मांग, उपलब्धता और वितरण की समीक्षा करेंगी। संवाद