गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण का असर कम हुआ तो ब्लैक फंगस इंफेक्शन (म्यूकरमाइकोसिस) का प्रकोप अब तेजी से बढ़ने लगा है। अब मरीजों के सामने इस बीमारी के इलाज की दवाओं में इंजेक्शन की किल्लत होने लगी है। अब तो मरीज इसके लिए जिला प्रशासन व बड़ी हस्तियों को ट्वीट कर दवाएं उपलब्ध कराने की गुहार लगाने लगे हैं। स्थिति यह है कि म्यूकोरमाइकोसिस के इलाज में कारगर दवाओं की किल्लत को लेकर मुख्यमंत्री मनोहरलाल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं। सीएम के मुताबिक प्रदेश के चारों शासकीय केंद्रों में उपचाराधीन मरीजों को मेडिकल बोर्ड की संस्तुति के आधार पर ही दवाएं दी जाएंगी।
डॉ. हर्षवर्धन, कुमार विश्वास व सोनू सूद से मांगी मदद
नितेश नामक ट्विटर यूजर ने केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन, कुमार विश्वास व सोनू सूद को ट्वीट कर अपने पिता के लिए लिपोसोमल एंफोटेरेसीन बी इंजेक्शन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। यूजर ने लिखा कि उनके पिता ब्लैक फंगस इंफेक्शन से पीड़ित हैं और फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बहुत प्रयास किया लेकिन कहीं पर भी दवा नहीं मिली। कृपया दवा उपलब्ध कराएं और मेरी मदद करें।
जिला उपायुक्त को किया ट्वीट
इसी तरह राव धर्मवीर सिंह नामक ट्विटर यूजर ने भी इसी दवा के लिए जिला उपायुक्त को ट्वीट कर मदद की गुहार लगाई। यूजर ने उपायुक्त को ट्वीट कर बताया कि उनके दो परिचित गौरव पारस में व आरके संधू फोर्टिस अस्पताल में उपचाराधीन हैं। 14 दिन के लिए लिपोसोमल एंफोटेरेसीन बी 300 एमजी इंजेक्शन की जरूरत है। कृपया इनकी जिंदगी बचाने में मदद करें। मालूम हो कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोग पहले ही ब्लैक फंगस इंफेक्शन से संबंधित दवाओं की कालाबाजारी की आशंका जता चुके हैं।
जिले में आ चुके हैं 120 से ज्यादा मरीज
दूसरी ओर जिले के निजी अस्पतालों में म्यूकरमाइकोसिस मरीजों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक जिले में अब तक म्यूकरमाइकोसिस के 120 से ज्यादा मरीज आ चुके हैं। फोर्टिस, एसटीजी मेडिकल कालेज गुरुग्राम, कोलंबिया एशिया, पारस, मेदांता सरीखे कई अस्पताल हैं जहां ब्लैक फंगस इंफेक्शन से पीड़ित मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि इन्हीं अस्पतालों में मरीजों का सफल इलाज भी चल रहा है। फोर्टिस अस्पताल में ही तीन मरीजों की सफल सर्जरी की जा चुकी है।