दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय दम तोड़ा, होडल-नूंह रोड पर हुई दुघर्टना
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। गांव बहीन के निकट बुधवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार गणेश को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान गणेश की मौत हो गई। बहीन थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना होडल-नूंह रोड पर हुई। मृतक गणेश खिरबी का निवासी था। वह अपनी बुआ के बेटे रवि को लेने बहीन जा रहा था। इस दौरान रवि गांव में सड़क किनारे गणेश का इंतजार कर रहा था। इसी समय होडल की तरफ से तेज रफ्तार कार आई और गणेश की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गंभीर रूप से घायल गणेश को पहले होडल स्थित अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में बहीन थाना पुलिस ने घायल व्यक्ति के साथ मौजूद रवि के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।