- बहनों ने भाइयों के मंगल कामना के लिए की मंगल आरती
संवाद न्यूज़ एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास आपसी सौहार्द का पर्व भाई दूज आस्था ,उमंग, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । बहनों व बुआओं ने भाई -भतीजा प्रेम का प्रतीक रक्षासूत्र व मौली बांधकर, माथे पर हल्दी, रोली, चंदन का मंगल तिलक कर मंगल भविष्य की कामना की। महक जैन व ऋषिका जैन, हर्षिता, मोनिका, श्रुति ने बताया की भाइयों को किसी की बुरी नजर ना लगे, इसलिए ईश्वर से भाइयों के अच्छे स्वास्थ्य व दीर्घायु के लिए प्रार्थना की व मंगल के लिए मंगल आरती की। अंजली जैन ने बताया की भाइयों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली, उन्नति, दीर्घायु व मंगलमय जीवन के लिए ईश्वर से विशेष विनती की। भाई भी बहनों के प्रेम के आगे नतमस्तक नजर आए, भाइयों ने भी बहनों को मुंह मांगे उपहार भेंट किए, उपहार पाकर बहने खुश नजर आई। भाइयों ने छोटी बहनों को आशीर्वाद दिया व बड़ी बहनों व बुआजी के चरण स्पर्श कर मंगल आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
घरों में बने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन :
गृहणी रेनू, पिस्ता सैनी, आशा सैनी, निशा, भारती देवी, राधिका जैन ने बताया की भाई दूज के पर्व पर घरों में पारंपरिक व आधुनिक प्रकार के विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन व पकवान बनाए गए। जिनमें मुख्य रूप पारंपरिक भोजन व व्यंजन में दाल बाटी चूरमा, गट्टे की सब्जी, दही भल्ला, हलवा, खीर पूरी, पुआ पकौड़ी, दाल रोटी आदि पकवान बनाए गए।