लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर सेक्टर 9ए थाना क्षेत्र के अशोक विहार स्थित शराब के ठेके पर खड़े एक युवक से दो लोगों ने मारपीट की। इसके बाद उसके सिर पर बीयर की बोतल फोड़ दी। मौके पर पहुंचे दोस्त ने लहूलुहान हालत में युवक को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की शिकायत पर थाने में शुक्रवार रात मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार सेक्टर- 9 निवासी राहुल ने थाने में दी शिकायत में कहा कि वह 30 जून को रात 9 बजे अपने दोस्त आभित खान के साथ अशोक विहार स्थित एक शराब के ठेके के पास किसी काम से गए थे। यहां पहले से परिचित लक्ष्मण विहार निवासी प्रवीण मिल गया। उसने शराब के लिए कुछ पैसे मांगे तो राहुल ने मना कर दिए। आभित पास ही होटल से खाना लेने चला गया। इसके बाद प्रवीण व उसके एक दोस्त ने राहुल से मारपीट की। पास पड़ी बीयर की बोतल भी उनके सिर पर फोड़ दी। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।