दिवाली और प्रदूषण के मद्देनजर एडवाइजरी जारी, अतिरिक्त डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी गुरुग्राम। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिवाली और प्रदूषण को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। एडवाइजरी के अनुसार सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में सांस की गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए बेड आरक्षित किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य सहायक मेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी वहीं सभी अनिवार्य दवाइयों का स्टॉक पूरा करने के भी आदेश दिए दिए हैं। विभाग ने दिवाली में जलने से संबंधित मामलों को लेकर भी 10 बेड आरक्षित करने के भी आदेश दिए हैं।
मिलेनियम सिटी की हवा दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। पिछले एक हफ्ते में शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 150 से अधिक दर्ज किया गया है। हवा का स्तर खराब होने से शहर के नागरिक अस्पताल में सांस, गले, नाक, आंख से संबंधित मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। शुक्रवार को गले में खराश, जुकाम, खांसी से पीड़ित करीब 150 मरीज इलाज कराने पहुंचे। डॉक्टरों की ओर से मरीजों को सुबह-शाम घर से मास्क लगाकर निकलने और मौसम के अनुसार अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।
विज्ञापन
पिछले एक हफ्ते में शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक
तिथि एक्यूआई
18 अक्तूबर 204
19 अक्तूबर 176
20 अक्तूबर 166
21 अक्तूबर 220
22 अक्तूबर 193
23 अक्तूबर 247
24 अक्तूबर 239
25 अक्तूबर 162
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में दिवाली के आस-पास शहर की हवा खराब होने लगती है। हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है, जिससे सांस से संबंधित मरीजों की संख्या में भी इजाफा होता है। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में दिवाली से एक दिन पहले और दिवाली के एक दिन बाद कैजुअल्टी वार्ड की सभी शिफ्टों में 2 अतिरिक्त डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दिवाली में शहर के किसी भी नागरिक को स्वास्थ्य से संबंधित कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
बातचीत
दिवाली के आस-पास सांस के मरीज और जलने के मामले सामने आते हैं, ऐसे में विभाग की ओर से तैयारियां कर ली गई हैं। किसी भी नागरिक को परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखने के आदेश दिए गए हैं। - डॉ वीरेंद्र यादव, सीएमओ।