तीन माह में ठगी के 877 मामले दर्ज और 25,603 शिकायतों का हुआ खुलासा
26 मोबाइल और 88,15,863 रुपये आरोपियों से किए बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कभी फर्जी अधिकारी बन तो कभी निवेश के नाम पर ठगों ने 106 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। देश भर के लोगों से ठगी करने वाले ऐसे 67 आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से बरामद हुए 25 मोबाइल की इंडियन साइबर क्राइम कोर्डिनेशन सेंटर से जांच कराने पर पता चला कि आरोपियों के खिलाफ 877 मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ 25,603 शिकायतों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों से 26 मोबाइल और 88,15,863 रुपये बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) प्रियांशु दीवान ने बताया कि यह आरोपी जून 2024 से अगस्त 2025 तक गिरफ्तार किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, निवेश, फर्जी अधिकारी सहित अन्य माध्यमों से ठगी और धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न जिलों में 48 मामले दर्ज हैं। वहीं, गुरुग्राम के साइबर अपराध थाना पूर्व में 12 मामले और साइबर अपराध थाना दक्षिण में एक मामला दर्ज है।
एसीपी प्रियांशु दीवान ने बताया कि साइबर अपराध थाना पूर्व की पुलिस ने आबिद खान, खालिद खान, भूपेंद्र, अजय कुमार, राहुल, विष्णु, आशीष, विनय उर्फ प्रेम, लक्की सिंह, लखन, ऋषि, पवन फौजदार उर्फ पीयूष उमर फारुक, सूरज, संदीप कुमार, हर्ष कुमार, यादवेंद्र, राकेश कुमार, सुशील व द्वीप कुमार को गिरफ्तार किया। इसी टीम ने सूरज, राहुल, रोशन, रवि, प्रहलाद, गौतम, रोहित, सुरेंद्र, गौरव गर्ग, कपिल गर्ग, ललित कुमार, जितेंद्र सिंह, अनूप सिंह, रवि प्रसाद, सुनील यादव, अमित कुमार, रणजीत ठाकुर, राजू, सेमा बनो, करिश्मा, निहारिका उर्फ नीरज, आकाश, रवि कुमार, परवीन राजेंद्रा बोरकर, कपिल, सुमित चौहान, राजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, एरिक खेस, रिमिश तिर्की, मैक्लीन किस्पोट्टा, प्रवीन, कुलदीप, गगन और सचिन को गिरफ्तार किया है।
साइबर अपराध थाना मानेसर की पुलिस ने अभिषेक, दीपक, राजिंद्र, मनीष, दीपक, चेतन, मनोज, विशाल, शुभम, सचिन, रवि प्रकाश को गिरफ्तार किया है। वहीं, साइबर अपराध थाना दक्षिण की पुलिस ने आरोपी आकिब खिलजी को गिरफ्तार किया है।