ब्लॉक स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता अंडर-14 बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में रोमांचक मुकाबले खेले गए
गुरुग्राम। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बृहस्पतिवार को अंडर-14 बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले हुए। सेक्टर-45 स्थित डीपीएस, स्कॉटिश हाई इंटरनेशनल स्कूल, एमआरआईएम और शिव नाडर स्कूल ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले मुकाबले में डीपीएस ने कुन्सकापस्कोलन स्कूल को 19-8 के अंतर से हराया। दूसरे मैच में स्कॉटिश हाई इंटरनेशनल स्कूल ने लोटस वैली स्कूल को 22-13 से मात दी। एमआरआईएम स्कूल ने जीडी गोयनका स्कूल को 23-15 से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं, शिव नाडर स्कूल ने सेंट जेवियर्स स्कूल को 21-14 के स्कोर से हराकर सेमीफाइनल का स्थान पक्का किया। खिलाड़ियों ने तेज गति, बेहतरीन पासिंग और सटीक शूटिंग का प्रदर्शन कर दर्शकों का मनोरंजन किया। अब सेमीफाइनल में पहुंची टीमें खिताबी मुकाबले की ओर मजबूत दावेदारी पेश करेंगी। एईओ जगदीश अहलावत ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में छात्राओं ने अनुशासन दिखाया। साथ ही, उन्होंने खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। विजेता टीम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आगे बढ़ेगी। संवाद