- भूतेश्वर मंदिर से बसई तक कई जगह सड़क उखड़ी, जिला नागरिक अस्पताल के पास बड़ा गड्ढा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। तीन दिन की बारिश के बाद शहर की प्रमुख बसई रोड की हालत और खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है। पुराने शहर से द्वारका एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में लोग इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं।
भूतेश्वर मंदिर से शुरू होने वाली बसई रोड पर पटौदी चौक के आसपास सड़क उखड़ गई है। आगे फिरोज गांधी कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी और आंबेडकर नगर के पास भी गहरे गड्ढे बन गए हैं। जिला नागरिक अस्पताल के पास स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां सड़क पर बने बड़े गड्ढे के कारण तीन पहिया वाहनों के पलटने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अस्पताल के पास नगर निगम ने सीवर लाइन डालने के लिए सड़क की खोदाई की थी। इसके बाद सड़क को पूरी तरह पक्का नहीं किया गया। बारिश के दौरान मिट्टी बहने से गड्ढा और गहरा हो गया। सेक्टर-10 को जोड़ने वाली सड़क पर भी दो-तीन महीने पहले निर्माण के बावजूद बारिश के बाद गहरा गड्ढा हो गया है।
द्वारका एक्सप्रेसवे जाने में परेशानी-
द्वारका एक्सप्रेसवे पहुंचने के लिए शहरवासियों के पास दौलताबाद आरओबी, सेक्टर-9 और बसई रोड के रास्ते हैं। दौलताबाद आरओबी पर अक्सर जाम रहता है, जबकि सेक्टर-9 की सड़क भी कई जगह खराब है। ऐसे में बसई रोड की जर्जर हालत ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी है।
जीएमडीए ने भूतेश्वर मंदिर से बसई तक सड़क के जीर्णोद्धार की योजना बनाई है। कार्य एक एजेंसी को आवंटित भी किया जा चुका है। लोगों को अब बारिश के बाद जल्द मरम्मत शुरू होने की उम्मीद है।
कोट-
बसई रोड पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। दोनों प्रमुख रास्तों की खराब हालत से रोजाना लोगों को परेशानी होती है। -सत्य प्रताप शर्मा, बसई रोड
जगह-जगह बने गड्ढों से हादसे का खतरा बना हुआ है। विभाग को जल्द सड़क की मरम्मत करानी चाहिए। -दीपक, सेक्टर-9