खरना के प्रसाद संग शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत, सदर बाजार में उमड़ी भीड़
पूनम
गुरुग्राम। उजे केलवा जे फरेला घवध से, ओह पर सुग्गा मेंडराई..., कांच ही बांस के बहंगिया... छठ के इन्हीं पारंपरिक लोकगीतों की मधुर गूंज के बीच पूरा गुरुग्राम शहर छठी मईया और भगवान सूर्य की आस्था के रंग में रंग गया है। महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने दिन भर उपवास रखकर शाम को हवन-पूजन के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया। गुड़ की खीर, रोटी और फलों के प्रसाद के साथ घर-घर में ठेकुआ बनाने का उत्साह दिखा। दूसरी ओर, सदर बाजार सहित शहर के प्रमुख बाजारों में सूप, दउरा, ईंख और कोसी भरने की सामग्री खरीदने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। गुरुग्राम के छह लाख से अधिक पूर्वांचली परिवार इस लोक आस्था के महापर्व को पूरे उल्लास के साथ मना रहे हैं।
भोजपुरी, मैथिली, मगही लोक कलाकार बिखेरेंगे रंग
शहर के विभिन्न छठ घाटों पर लोक संगीत का रंग भी दिखेगा। करीब 200 भोजपुरी हिंदी एलबम कर चुके भोजपुरी गायक साथी उमेश ओम विहार छठ घाट पर छठ के भोजपुरी गीतों का सुर बिखरेंगे। साथी उमेश ने बरती करेली मनुहार.. करब हमहु छठ बरतिया समेत के छठ के अलबम इस साल भी जारी किए हैं। सेक्टर-5 छठ घाट पर भी इनके कार्यक्रम होंगे। शक्ति पार्क छठ घाट पर भोजपुरी, मैथिली लोक गायिका स्मिता सिंह और उनकी टीम कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। नोएडा से अमरजीत यादव ओम विहार और सेक्टर-5 छठ घाट पर कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। शीतला माता मंदिर घाट पर पूरी रात सांस्कृतिक टीम सांध्य अर्घ्य से सुबह के अर्घ्य के तक छठ पूजा के गीतों का कार्यक्रम होगा और झांकियां दिखाई जाएंगी।
छठी मईया और भगवान सूर्य के प्रति व्यक्त करेंगे आस्था
सेक्टर-69 की पहली सोसाइटी ट्यूलिप आइवरी में हम लोगों ने स्वीमिंग पूल में छठ का आयोजन शुरू कराया। ट्यूलिप ग्रुप की दूसरी सोसाइटियों से भी यहां लोग छठ के लिए आएंगे।
- पूजा आनंद, ट्यूलिप आइवरी, सेक्टर-69
कादीपुर सामुदायिक भवन में पिछले 11 साल से हम लोग छठ पूजा का आयोजन कर रहे हैं। यहां आस-पास पूर्वांचल के लोगों की सघन आबादी है। - रणधीर राय, कादीपुर सामुदायिक भवन छठ घाट, जन सेवा सांस्कृतिक चेतना मंच
वाटिका की सोसाइटियों के पास कोई स्वीमिंग पूल नहीं है। हम लोग एक अस्थायी तालाब बनाकर छठ पूजा कर रहे हैं। आस-पास की करीब 15 सोसाइटियों और सिकंदपुर गांव के व्रती यहां अर्घ्य देने आएंगे। - राजेश कुमार, वाटिका सिटी छठ पूजा समिति
सेक्टर-109 स्थित आसपास की सोसाइटियों के व्रती यहां पूजा के लिए आएंगे। छठ के लिए यहां एक विशेष तालाब बनाया गया है। भगवान सूर्य का मंदिर होने के कारण इस घाट में व्रतियों की आस्था ज्यादा है। - रोबिन शर्मा, पीतांबरा सूर्य नारायण मंदिर घाट, सेक्टर-109
हमारी सोसाइटी के स्वीमिंग पूल पर काफी उत्साह से छठ पूजा का आयोजन होता है। छठ पूजा करने वालों के साथ सोसाइटी में रहने वाले अधिसंख्य लोग इसमें शामिल होकर छठी मईया और भगवान सूर्य के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। - अंबरीश रंजन, सेक्टर-103, इंडिया बुल्स सेंट्रम पार्क
हम लोग अपनी सोसाइटी के स्वीमिंग पूल पर छठ पूजा का आयोजन करते हैं। पूजा की पूरी तैयारी है, हम लोग काफी धूमधाम से यह पूजा करेंगे। सोसाइटी के लोग इसमें बहुत ही उत्साह से शामिल होते रहे हैं। - स्वराज वर्मा, एमथ्रीएम वुडशायर, सेक्टर-108
घाटों पर व्यवस्था बनाने में जुटी टीमें
शीतला माता मंदिर पार्किंग स्थल के छठ घाट पर सर्वाधिक व्रती जुटते हैं। कमेटी के लोगों ने घाट बनाकर यहां पानी भरना शुरू कर दिया है। मनकामेश्वर मंदिर, बसई तालाब, सूरत नगर फेज टू, मोहन कुंड मंदिर, न्यू पालम विहार सूर्य मंदिर, कादीपुर सामुदायिक भवन में घाट की व्यवस्था में टीम के लोग जुटे थे।