बल्लभगढ़। एनआईटी एक नंबर फावड़ा सिंह चौक पर शुक्रवार की दोपहर को पुराने मकान का छज्जा गिर गया। छज्जा गिरने से इलाके में करीब साढ़े पांच घंटे तक बिजली बाधित रही।
मकान मालकिन सीमा ने बताया कि उनके मकान में मरम्मत का काम चल रहा था। निर्माण कार्य के लिए मजदूरों की ओर से बृहस्पतिवार को लोहे की शटरिंग लगाई गई थी, जिसे रस्सियों की मदद से छज्जे से निकले सरियों के साथ बांधा गया था। शुक्रवार की दोपहर को करीब 1 बजे अचानक शटरिंग सड़क की ओर झुकने लगी और पास से गुजर रही 220 वोल्ट की बिजली लाइन पर जाकर अटक गई। शटरिंग छज्जे से बंधी होने के कारण उस पर खिंचाव पड़ा, जिससे पहले से कमजोर हो चुका छज्जा नीचे गिर गया। हादसा की सूचना तुरंत बिजली विभाग को दी गई। बिजली अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार टूटी तारों कोे ठीक कर दिया गया है। संवाद