फोटो ... 2
मार्च में ही अभी तक औसत से पांच गुना ज्यादा बारिश
अप्रैल में रह रह कर बारिश का क्रम रहेगा जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के साथ आसपास के इलाकों में इस बार बदरा जमकर बरसेंगे। मौसम विज्ञान विभाग के अनुमान पर विश्वास करें तो मार्च बीतने के बाद अप्रैल में भी रह रह कर बरसात के कारण मई तक मौसम खुशनुमा बना रहेगा और गर्मी का अहसास कम होगा।
मौसम विभाग के अनुसार मार्च में ही अभी तक अनुमान से अधिक बरसात हो चुकी है। इस महीने के पहले पखवाड़े में गर्मी ने कुछ परेशान किया, लेकिन उसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहले पखवाड़े में जहां अधिकतम तापमान 29. 8 डिग्री सेल्सियस से 30.6 तक पहुंच गया था, अब यह 27.4 डिग्री से 28.4 डिग्री पर आ गया है।
कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मंजीत कुमार के अनुसार 30 मार्च से एक बार फिर मौसम परिवर्तनशील हो रहा है। 30 मार्च से लेकर 2 अप्रैल तक गुरुग्राम सहित फरीदाबाद, पलवल और नूंह व आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ कहीं कहीं हल्की, कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश की संभावना बन रही है। मध्य अप्रैल के बाद भी मौसम में बदलाव की संभावना है। जिस कारण पूरे महीने तापमान सामान्य से कम रह सकता है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विज्ञान विभाग ने मौसम के बदलाव को लेकर एक बार फिर से चेतावनी जारी की है। कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर के मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनजीत कुमार के अनुसार 30 से लेकर 31 मार्च तक गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल के साथ आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना बन रही है। उन्होंने कहा कि दो अप्रैल तक मौसम में बदलाव है, लेकिन ओलावृष्टि की संभावना 30 और 31 मार्च को ही बन रही है।
मार्च में अब तक हुई 45 एमएम बारिश
डॉ. मंजीत ने बताया कि मार्च महीने में अब तक 45 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से पांच गुना है। आमतौर पर मार्च महीने में अधिकतम 7 से 9 एमएम बारिश होती है। इस बार यह आंकड़ा 45 एमएम पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि 2022 में पूरे मार्च महीने में 0.5 एमएम ही बारिश हुई थी, जो सामान्य से काफी कम थी।