31 मई की रात को नशे की हालत में पीड़ित को सहारा माॅल के पास छोड़ा, घर पहुंचा पीड़ित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में 30 मई की रात को ऑटो सवार युवक नशीला पदार्थ सुंघाकर शोरूम के सेल्समैन का अपहरण कर ले गए। आरोपियों ने युवक को एक कमरे में बंधक बना लिया था। जब पीड़ित के पास कोई सामान नहीं मिला तो आरोपितों ने 31 मई की रात को बेहोश हालत में उसे एमजी रोड स्थित सहारा माॅल के पास छोड़ दिया था। हालांकि, इससे पहले ही शनिवार की सुबह युवक के घर नहीं लौटने पर उसके भाई प्रताप कुमार जना ने सेक्टर-14 थाने में अपहरण की आशंका लेकर शिकायत दी थी, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
ओड़िशा के भद्रक निवासी प्रताप कुमार जना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे चकरपुर में अपने परिवार व भाई कृष्ण चंद्र जना (32) के साथ रह रहे हैं। 30 मई की रात करीब 9.30 बजे भाई बाटा चौक से ऑटो से चकरपुर जा रहा था। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर दो बाद कॉल आई थीं, जिसमें उनके भाई के सड़क दुर्घटना में घायल होने के बारे में बताया गया था। जब उन्होंने कुछ अस्पताल में जानकारी ली तो उनके भाई भर्ती होने के बारे में नहीं पता चला था।
31 मई की रात करीब 12 बजे उनका भाई कृष्ण चंद्र घर नशे की हालत में घर पहुंचा। उसके भाई ने बताया कि 30 मई की रात करीब 9.30 बजे वह ऑटो में बैठकर चकरपुर जा रहा था। ऑटो में चालक के अलावा दो अन्य लोग भी सवार थे। थोड़ी दूर पर ऑटो सवार युवकों ने रूमाल से कृष्ण चंद्र को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करकेे लूटपाट के इरादे से एक कमरे में बंधक बना लिया व मारपीट भी की। युवकों ने पीड़ित से डेबिट कार्ड मांगा, लेकिन उसके पास न डेबिट कार्ड व नकदी नहीं थी। आरोपियों ने छीना मोबाइल वापस दे दिया। सोमवार को उनके होश में आने के बाद पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए। हालांक, पीड़ित बंधक बनाए गए स्थान की पहचान नहीं करा पाया है। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
युवक से मामले के बारे में जानकारी ली जा रही है। उसके मोबाइल की लोकेशन भी जांची जा रही है ताकि पता चल सके कि उसको किस स्थान पर बंधक बनाया गया था। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-धर्मबीर सिंह, सब इंस्पेक्टर, सेक्टर-14 थाना