अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओल्ड दिल्ली रोड स्थित अतुल कटारिया अंडरपास पर शेड लगाने का कार्य पूरा हो गया है। ऐसे में अब बारिश में अंडरपास में जलभराव नहीं होगा।
लोक निर्माण विभाग ने ओल्ड दिल्ली रोड पर करीब 731 मीटर चार लेन का फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण कराया है। अंडरपास शीतला माता मंदिर से सिग्नेचर टावर की ओर बनाया गया है। साथ ही चार लेन की सर्विस रोड भी बनाई गई है। फ्लाईओवर और अंडरपास से वाहन चालकों को राहत मिली है। हालांकि अंडरपास पर शेड नहीं होने से बारिश यातायात प्रभावित होता था। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता चरणदीप सिंह ने बताया कि अतुल कटारिया अंडरपास पर शेड लगाने का काम पूरा हो गया है। अंडरपास में लाइट का भी इंतजाम कराया गया है। आने वाले मानसून में अंडरपास में जलभराव से राहत मिलेगी और यातायात प्रभावित नहीं होगा।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण शहीद लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक का सौंदर्यीकरण कराने जा रहा है। यहां पर विभिन्न प्रकार के देशी-विदेशी पौधे लगाए जाएंगे और फ्लाईओवर के पिलर पर शहीद की शौर्य गाथा संबंधित पेंटिंग की जाएगी। जीएमडीए ने चौक पर कुछ साल पहले अंडरपास और फ्लाई ओवर का निर्माण कराया है। इससे चौक की सुन्दरता खराब हो गई है। अब दोबारा से इसे बेहतर किया जा रहा है।