गुरुग्राम। सेक्टर-109 स्थित न्यू पालम विहार के छठ घाट परिसर में बने सूर्य देव मंदिर में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना शनिवार रात करीब 1:54 बजे की बताई जा रही है, जब एक चोर मंदिर परिसर में घुसा। आरोपी ने मंदिर के मुख्य ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद ताला नहीं टूट सका और चोर बिना चोरी किए खाली हाथ लौट गया। मंदिर के पुजारी दीपक तिवारी ने बताया कि सुबह परिसर की जांच के दौरान ताले से छेड़छाड़ के निशान दिखाई दिए। बाद में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पूरी घटना सामने आई। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर परिसर में घूमता और ताला तोड़ने की कोशिश करता नजर आ रहा है। आरोपी की तस्वीर और गतिविधियां कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई हैं। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। मंदिर समिति ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है, सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई है। संवाद