परिचित युवक बना रहा है शादी का दबाव, मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक निजी स्कूल की शिक्षिका का उनके परिचित युवक द्वारा अपहरण करने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षिका किसी तरह आरोपी से बचकर निकल सकी। आरोपी लगातार शादी करने का दबाव बना रहा है। शिक्षिका की शिकायत पर राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने अपहरण के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। आरोपी युवक उन्हें काफी समय से जानता है और लगातार शादी करने का दबाव बना रहा है। उन्होंने शादी करने से मना किया तो वह जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने शिक्षिका को अपने पास बात करने के लिए एक मार्केट में बुलाया था। जब वह मिलने के लिए गई तो वहां पर फिर से शादी करने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि वह उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जा रहा था। महिला किसी तरह से आरोपी से बचकर वहां से निकल पाई। राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
झुग्गी में रहने वाली महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-9 स्थित ईएसआई अस्पताल के पास झुग्गी में रहने वाली एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। महिला की शिकायत पर सेक्टर-9 ए थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता सेक्टर-9 में स्थित ईएसआई अस्पताल के पास एक झुग्गी में रहकर खाना बनाने का काम करती है। महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि वह अपनी झुग्गी में सो रही थी। उसी दौरान एक युवक झुग्गी में आया और दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचा दिया तो आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस आसपास लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान करने में जुटी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।