तीन जवान चोटिल, स्मैक सहित एक नशा तस्कर गिरफ्तार
तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। थाना रोजका मेव के अंतर्गत गांव कंवरसिंका में नशा तस्कर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। हमले में तीन जवान चोटिल हो गए तो वहीं पुलिस 31 ग्राम नशीला पदार्थ स्मैक सहित मुख्य आरोपी को पकड़ने में कामयाब रही। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित 15 से 20 के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना रोजका मेव पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह सूचना मिली कि मुमताज खान उर्फ मटेला निवासी कंवरसिंका अवैध रूप से नशे के कारोबार में संलिप्त है, जो अपने घर के बाहर खड़ा होकर नशीला पदार्थ में बेच रहा है। पुलिस ने जाल बिछाते हुए अपनी टीम में से एक जवान को हस्ताक्षर युक्त नोट थमा कर नकली ग्राहक बनाकर आरोपी से नशीला पदार्थ खरीदने के लिए भेजा। योजना के मुताबिक पुलिस टीम ने नशा तस्कर को काबू कर लिया। आरोप है कि इसी दौरान मौके पर कुछ लोग चिल्लाने लगे, जिनका शोर सुनकर ग्रामीणों की काफी भीड़ एकत्रित हो गई।जिन्होंने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान एक मकान में कुछ पुलिस जवानों को बंधक भी बना लिया गया। जिसकी जानकारी 112 नंबर पर दी गई। इसके बाद अन्य पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिनकी मदद से मुख्य आरोपी मुमताज खान उर्फ मटेला को काबू कर लिया गया, जबकि अन्य सभी मौके से फरार हो गए। इस पथराव में तीन पुलिसकर्मी मामूली रुप से चोटिल हो गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशा तस्कर की तलाशी ली गई, जिसके पैंट की जेब से हस्ताक्षर युक्त नोट और 31 ग्राम नशीला पदार्थ स्मैक बरामद हुआ। पुलिस ने कंवरसिका निवासी आरोपी मुमताज खान और मटेला, सावन उर्फ बिहारी, और मुजाहिद सहित 15-20 व्यक्ति व महिलाओं के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है।