हैदराबाद में 14 से 16 नवंबर तक होगी प्रतियोगिता
13 एथलीट ले सकेंगे प्रत्येक जिले से हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। देशभर के युवा एथलीटों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। 20वीं राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 16 नवंबर तक हैदराबाद स्थित वॉक्सेन विश्वविद्यालय में किया जाएगा। इसमें अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसमें प्रत्येक जिले से अधिकतम 13 खिलाड़ियों और दो अधिकारियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोजकों की ओर से चयनित खिलाड़ियों और अधिकारियों के रहने व खाने की व्यवस्था निशुल्क की जाएगी।
प्रतियोगिता के लिए दोनों आयु वर्ग में अलग-अलग नियम निर्धारित किए गए हैं। अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों को किसी एकल स्पर्धा में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें निर्धारित त्रिकोणीय स्पर्धा समूह में भाग लेना होगा। इसके साथ बच्चों के भाला फेंक में हिस्सा लेना भी अनिवार्य रहेगा। इस आयु वर्ग से एक जिले के अधिकतम चार खिलाड़ी ही प्रतियोगिता में भेजे जा सकेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 16 नवंबर 2026 तक खिलाड़ी की न्यूनतम आयु 12 वर्ष होनी जरूरी है। वहीं, जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित कराने वाली इकाइयां ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन के साथ जिला प्रतियोगिता के परिणाम, तस्वीरें और पैन कार्ड जमा करना अनिवार्य होगा। खिलाड़ियों की आयु का सत्यापन 13 नवंबर को किया जाएगा।