गुरुग्राम। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, हरियाणा ने मौलिक शिक्षा निदेशक मनिता मलिक से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। बैठक में शिक्षकों के रिक्त पद जल्द भरने, पारदर्शी तबादला नीति लागू करने, म्युचुअल ट्रांसफर व्यवस्था बहाल करने और जेबीटी से टीजीटी पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग उठाई गई। संघ ने स्वास्थ्य कारणों से पदावनति लेने वाले कर्मचारियों को एसीपी का लाभ देने, 2011 बैच के शिक्षकों की लंबित एसीपी जारी करने, चिकित्सा प्रतिपूर्ति के नए नियम लागू करने और मिड-डे मील की गुणवत्ता में सुधार की मांग भी रखी। निदेशक ने प्रतिनिधिमंडल के साथ सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। राज्य प्रधान तरुण सुहाग के नेतृत्व में हुए प्रतिनिधिमंडल में राज्य महासचिव राजेश शर्मा, संगठन सचिव कुलवंत सिंह, उपप्रधान ललित कुमार सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी शामिल रहे। संवाद