अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आर्थिक अपराध शाखा-2 की पुलिस ने 1.07 कराेड़ रुपयों की ठगी करने के मामले एक आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया है।
आरोपी की पहचान गुरुग्राम के बसई गांव निवासी भारत भूषण (31 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह किराये पर मकान दिलाने का काम करता है। मामले में शिकायतकर्ता से जिस प्लॉट के नाम पर उसने रुपये लिए गए थे वह प्लॉट इसकी जमीन में से काटा गया था।
उस जमीन में से रास्ते की जमीन सहित कुछ जमीन की रजिस्ट्री भारत भूषण नाम थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने प्रॉपर्टी डीलर साथियों कृष्ण, सोनू व अन्य साथी के साथ मिलकर योजना बनाई और एक ऐसा प्लॉट ढूंढ़ा जिसका मालिक यहां नहीं रहता था। योजना के अनुसार, आरोपी भारत भूषण को शमशेर सिंह नामक व्यक्ति के प्लॉट का मालिक बनाया और शिकायतकर्ता को धोखे में रखकर उससे 1.07 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।
इस ठगी में से 80 लाख रुपये आरोपी भारतभूषण ने अपने बैंक खाते में प्राप्त किए और 27 लाख रुपये सोनू, कृष्ण व अन्य साथी ने नकद प्राप्त किए थे।