अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-3 एरिया में एंबियंस मॉल के निकट बिना इंडिकेटर खड़े ट्रक से टकराने पर फॉर्च्यूनर सवार आर्किटेक्ट की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 की एक सोसाइटी में रहने वाला 27 वर्षीय सन्नी पेशे से आर्किटेक्ट था। वह रविवार की सुबह फॉर्च्यूनर लेकर गुरुग्राम की ओर आ रहा था। सुबह करीब सवा चार बजे एंबियंस मॉल के निकट एक ट्रक बिना इंडिकेटर दिए सड़क पर खड़ा था। अंधेरे में सन्नी ट्रक को नहीं देख सका और उसकी फॉर्च्यूनर ट्रक से टकरा गई। हादसे में घायल सन्नी को पुलिस ने नारायणा अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सन्नी के पिता भवन सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
2..
सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में केएमपी एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के अजमेर निवासी तेजमल ट्रक पर चालक की नौकरी करता था। शनिवार की रात व ट्रक लेकर केएमपी एक्सप्रेस वे से जा रहा था। करीब 10 बजे एक अज्ञात वाहन ने उसके ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे को अंजाम देकर चालक फरार हो गया। घायल तेजमल को सेक्टर-10 सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई राजू की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।