भिवाड़ी से आने वाले वाहनों पर रखी जा रही कड़ी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। अरावली की पहाड़ियों और पंचायत की भूमि में खुले में कूड़ा-कचरा जलाने की घटनाओं को लेकर नूंह जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को एसडीएम संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने खोरी कला, खोरी खुर्द और रंगाला गांवों का दौरा कर निरीक्षण किया। यह इलाका पिछले कुछ समय से राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से लाए गए कचरे को जलाने का अड्डा बन चुका था, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा था। निरीक्षण के दौरान टीम ने पांच ऐसे स्थलों की पहचान की जहां बड़े पैमाने पर औद्योगिक कचरा जलाया जा रहा था। साथ ही मौके से गत्तों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ा गया, जिस पर 32,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
तावडू एसडीएम संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित जांच टीम में पुलिस उप अधीक्षक, जिला वन अधिकारी, जिला अग्निशमन अधिकारी और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शामिल थे। टीम को ओर से बाहर से आने वाले कचरा वाहनों की निगरानी के लिए तीनों ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए गए हैं कि वे राजस्थान से आने वाले कचरा वाहनों को हरियाणा सीमा में प्रवेश न करने दें। यदि किसी पंचायत प्रतिनिधि की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित औद्योगिक इकाइयों की पहचान कर उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं, आगे की जांच के आधार पर जुर्माना और एफआईआर की कार्रवाई भी संभव है। पिछले काफी दिनों से भिवाड़ी से आने वाले कचरे की आगजनी से स्थानीय लोगों और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था। इस मुद्दे को स्थानीय मीडिया ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाई। कार्रवाई के बाद पर्यावरण और वन्य जीव प्रेमियों में संतोष का माहौल है। वहीं, मंगलवार के निरीक्षण में कार्रवाई के लिए एसडीएम ने कहा कि मकसद स्पष्ट है कि क्षेत्र में पंचायत और अरावली की हरियाली को बचाना और प्रदूषण पर पूरी तरह रोक लगाना। अब प्रतिदिन निरीक्षण किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।