गुरुग्राम। गुरुगमन सिटी बस के रूट नंबर 116ई को जहाजगढ़-बाबूपुर तक विस्तार की अनुमति मिल गई है। अब यात्रियों को बाबूपुर गांव से सेक्टर-29 स्थित मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन तक सीधे सिटी बस मिल सकेगी। पहले इस रूट पर सिटी बस का संचालन मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से गुड़गांव रेलवे स्टेशन तक किया जाता था। जहाजगढ़-बाबूपुर गांव के यात्रियों की मांग पर सिटी बस के रूट में विस्तार किया गया है। अब यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।
रूट नंबर 116ई के बाबूपुर गांव तक विस्तार के बाद गांव व आसपास रहने वाले लोगाें को लक्ष्मण विहार, सेक्टर-5 चौक, सेक्टर-4/7 चौक, बस अड्डा, महावीर चौक, राजकीय महिला कॉलेज सेक्टर-14, आईटीआई, सेक्टर-14, एमडीआई चौक व सेक्टर-29 तक आवागमन में सार्वजनिक परिवहन साधन मिलेंगे। इस रूट पर सुबह से शाम तक गुरुगमन सिटी बसों द्वारा कई चक्कर लगाए जाते हैं। ऐसे में बाबूपुर से गुड़गांव रेलवे स्टेशन से आवागमन करने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे लोग अपने निजी वाहनों की बजाय सिटी बसों में सफर करेंगे।
जीएमसीबीएल के सेक्टर-10 के डिपो मैनेजर नरेश कुमार का कहना है कि 116ई रूट पर सिटी बस को जहाजगढ़-बाबूपुर तक बढ़ाने की अनुमति मिल चुकी है। रूट पर सिटी बसों का ट्रायल भी लिया जा चुका है। जल्द ही इस रूट पर सुचारू तौर पर सिटी बसों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।